TTN डेस्क
कोरबा:छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार दशहरा मैदान में विजयादशमी (रावण दहन) की रात हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। रावण दहन स्थल पर डीजे पर डांस के दौरान हुए मामूली विवाद में आरोपियों ने रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल कुमार उर्फ गोल्डन (22 वर्ष) की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बिट्टू चौहान, सिक्कू चौहान और विजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।
0 बस्ती की गलियों में घुमाया गया जुलूस
क्रूरता और कानून का कड़ा संदेश देने के लिए पुलिस ने बुधवार को तीनों बालिग आरोपियों के सिर के बालों पर उस्तरा चलवाकर आड़े-तिरछे कटवाए (अर्ध-मुंडन कराया) और फिर उन्हें मुड़ापार बस्ती की तंग गलियों में पैदल घुमाया। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर लगातार यह बोल रहे थे— “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है।” इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
0 कैसे हुआ विवाद?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुड़ापार बाजार मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान साउंड बॉक्स/डीजे पर नाचने के सिलसिले में रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल उर्फ गोल्डन और मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान के बीच धक्का-मुक्की हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि राहुल ने गुस्से में बिट्टू को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद दूसरा आरोपी विजय चौहान और अन्य वहां आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने चाकूनुमा धारदार हथियार से राहुल के पेट और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
0 युवती ने बचाने की पूरी कोशिश की, खूनी संघर्ष का वीडियो वायरल
इधर, मुड़ापार दशहरा मैदान की इस घटना का बताया जा रहा एक खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में युवकों के बीच संघर्ष साफ तौर पर देखा जा सकता है।
वीडियो में एक साहसी युवती पीट रहे युवक को बचाने की भरसक कोशिश करती नजर आ रही है। हालांकि, हमलावर उस युवती के अलावा भीड़ में मौजूद एक अन्य युवती को भी बेरहमी से धक्का देते दिख रहे हैं। इसी हाथापाई और गहमागहमी के बीच घायल युवक नीचे गिर पड़ता है और कुछ हमलावर युवक मैदान के पास वाली गली की तरफ भागते नजर आते हैं। पुलिस इस वायरल वीडियो को भी मामले की गंभीरता को देखते हुए 


बारीकी से जांच कर रही है।


