00 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की महत्वपूर्ण बैठक
TTN डेस्क
कोरबा:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा देश भर में चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने उन्हें बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी एवं मधुबनी (पूर्वी एवं पश्चिमी) जिलों के लिए पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त किया है।
इसी तारतम्य में आज पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के संगठनात्मक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने इस अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा स्थानीय स्तर पर इसे सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
0 लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा हमारी प्राथमिकता: जयसिंह अग्रवाल

बैठक को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र की रक्षा, निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को सुनिश्चित करने तथा नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा के उद्देश्य से यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को प्रभावी ढंग से और जन-जन तक पहुँचाने के लिए हम सभी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस दौरान वर्चुअल बैठक में विभिन्न जिलों से जुड़े कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल रहे।


