TTN डेस्क
00 वारदात के बाद आरोपी भतीजा फरार, पुलिस तलाश में दे रही संभावित ठिकानों पर दबिश
कोरबा। जिले के पसान थाना अंतर्गत ग्राम पिपरिया के सीपत पारा में जमीन और जायदाद के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मंगलवार को मामूली कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने 85 वर्षीय बुजुर्ग चाचा पर टांगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भतीजा मौके से फरार हो गया है।
0 बंटवारे को लेकर महीनों से चल रहा था तनाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपरिया के सीपत पारा निवासी मृतक बबन राम यादव (85 वर्ष) और उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष) के बीच पिछले कुछ महीनों से जमीन व संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि आक्रोशित होकर सोनू ने घर में रखी टांगिया से अपने बुजुर्ग चाचा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बबन राम यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
0 पुलिस ने साक्ष्य जुटाए, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने इसकी सूचना पसान थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। गांव में घटना के बाद व्याप्त तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
0 आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित: एसडीओपी

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह संपत्ति और जमीन का विवाद सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी सोनू उर्फ अशोक यादव की पतासाजी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

