TTN डेस्क
कोरबा। छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित सामाजिक पहल ‘भारत माँ की रसोई’ ने अपनी निरंतर सेवा यात्रा के सफल 10 वर्ष (3653 दिन) पूरे कर लिए हैं। इस गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
0 विहिप प्रांतीय अध्यक्ष और DSP की गरिमामयी उपस्थिति
इस आयोजन में मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष श्री ललित मखीजा (बिलासपुर), विश्व हिंदू परिषद कोरबा के जिलाध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह तथा सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी DSP सुश्री आस्था शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों ने संस्था के निस्वार्थ सेवा, समर्पण और संकल्प की सराहना करते हुए 3653 दिनों की निर्विघ्न अन्न सेवा के इस भागीरथ प्रयास को नमन किया।
0 छोटे से प्रयास से शुरू हुआ सेवा यज्ञ अब बना विशाल वटवृक्ष
छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसाइटी के प्रमुख राणा मुखर्जी ने संस्था के 10 वर्षों के इस सफर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘भारत माँ की रसोई’ से शुरू हुआ सेवा का यह छोटा सा कदम आज एक बड़े प्रकल्प का रूप ले चुका है। वर्तमान में सोसाइटी द्वारा ‘अपना घर सेवाश्रम’, ‘ रोटी बैंक ‘,’रक्तदान अभियान’, ‘मुक्ति सेवा’ और ‘गौशाला संचालन’ जैसे कई महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।

श्री मुखर्जी ने आगे कहा, “इस सेवा यज्ञ की सफलता का श्रेय समाज के उन तमाम सहयोगियों और आमजनों को जाता है जिन्होंने हर कदम पर हमारा साथ दिया। लोगों के अतुलनीय सहयोग से ही यह संकल्प साकार हो सका है, जिसके लिए संस्था पूरी निष्ठा से सभी का आभार व्यक्त करती है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और संस्था के सदस्यों ने भविष्य में भी इसी निष्ठा के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

