00 सीएसईबी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कर्मियों, मार्च पास्ट व सांस्कृतिक दलों के साथ शहीद परिवारों का हुआ सम्मान; जिले भर में देशभक्ति का माहौल
TTN डेस्क 






कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में 80वां स्वतंत्रता दिवस उमंग, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। सीएसईबी कोरबा (पूर्व) स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान और सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया और आकाश में शांति के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। परेड निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी मौजूद रहे।समारोह में महापौर संजू देवी राजपूत,जिला भाजपाध्यक्ष गोपाल मोदी,निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
0 भव्य मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, सीआईएसएफ, जिला पुलिस बल (पुरुष व महिला), नगर सेना, वन रक्षक, स्काउट-गाइड और एनसीसी की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
0 शहीद परिजनों, उत्कृष्ट जवानों व कर्मचारियों का सम्मान
मुख्य अतिथि श्री अमर अग्रवाल ने कर्तव्य पालन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले शहीद जवानों के परिजनों को मंच पर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
परेड पुरस्कार (प्रोफेशनल वर्ग): प्रथम स्थान – केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), द्वितीय – जिला पुलिस बल (महिला), तृतीय – नगर सेना (महिला)। सांत्वना पुरस्कार सीएएफ, जिला पुलिस बल (पुरुष), नगर सेना (पुरुष) और वन रक्षक टीम को मिला।
परेड पुरस्कार (गैर-प्रोफेशनल जूनियर वर्ग): प्रथम – एनसीसी जूनियर डिवीजन (बालिका), द्वितीय – गाइड दल सीनियर डिवीजन (बालिका), तृतीय – एनसीसी सीनियर डिवीजन (बालक)।
सांस्कृतिक कार्यक्रम: प्रथम स्थान – दिव्य ज्योति विशेष स्कूल डिंगापुर, द्वितीय – कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय कोरबा, तृतीय – निर्मला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिस्दी रामपुर।
_______
कलेक्ट्रेट एवं जिला न्यायालय में ध्वजारोहण
कोरबा।कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट परिसर तथा कलेक्टर निवास में ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में देशभक्ति गीतों व भाषणों का आयोजन हुआ। वहीं जिला न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संतोष शर्मा ने ध्वजारोहण किया तथा पौधारोपण किया।
0 ‘साइबर जागृति अभियान’ का शुभारंभ
कोरबा।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलने वाले “साइबर जागृति अभियान” की शुरुआत की गई। विधायक अमर अग्रवाल ने नागरिकों से संदिग्ध कॉल, लिंक और बैंकिंग ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
मेडिकल कॉलेज को मिली एनआईसीयू की सौगात: शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) के विस्तारित भवन का उद्घाटन डीन डॉ. के.के. सहारे द्वारा किया गया। इससे नवजात शिशुओं को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक व वेंटिलेटर युक्त इलाज मिल सकेगा।
समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर इषांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।


