





00 35 साल बाद पुरानी यादों के आंगन में लौटे पूर्व छात्र; गुरुजनों का आशीर्वाद पाकर छलकीं आंखें
TTN डेस्क
कोरबा | “जिस तरह अनाज के दाने को खेत से थाली तक पहुँचने के लिए भिगोने, छीलने, पीसने और फिर खौलते तेल में तपने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, तब जाकर वह ‘बड़ा’ बनता है… ठीक वैसे ही एक बच्चा माता-पिता और शिक्षकों के अनुशासन की तपिश में जलकर ही समाज के लिए एक बड़ा और जिम्मेदार इंसान बनता है।”
यह प्रेरक संदेश ज्योति हायर सेकेंडरी स्कूल (मिशन स्कूल) के पूर्व प्राचार्य पी.बी. सोना ने 1991 बैच के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए दिया। अवसर था स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों द्वारा आयोजित दो दिवसीय भव्य ‘मित्र मिलन’ (Reunion) कार्यक्रम का, जहाँ तीन दशक पुराने दोस्त एक बार फिर अपनी यादों को ताजा करने के लिए एकजुट हुए।
0 रिलैक्स इन में मस्ती और प्रकृति की गोद में बीता समय
27 और 28 फरवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न प्रांतों से पूर्व छात्र कोरबा पहुँचे थे। प्रथम दिवस ‘रिलैक्स इन’ होटल में मनोरंजन कार्यक्रमों के बीच पुरानी यादों का पिटारा खुला। दूसरे दिन की शुरुआत प्रकृति की गोद में हुई, जहाँ मित्रों ने बर्ड सेंचुरी, देवरी जलप्रपात का भ्रमण किया और सर्वमंगला मंदिर में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
0 वही क्लासरूम, वही बेंच: फिर लगी अटेंडेंस
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण वह था जब सभी पूर्व छात्र अपने पुराने स्कूल प्रांगण पहुँचे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का आगाज़ हुआ और पूर्व छात्र बिल्कुल उसी अंदाज में क्लासरूम की बेंचों पर बैठे जैसे 1991 में बैठा करते थे। प्राचार्य ने जब पुरानी हाजिरी (अटेंडेंस) ली, तो हर कोई अपने बचपन में लौट गया।
0 गुरुवंदन: स्मृति चिन्ह भेंट कर लिया आशीर्वाद
इस मौके पर पूर्व शिक्षकों का सम्मान किया गया। सोना सर, नंद मैडम, डेविड सर, लव कुमार सर और बाघ जी का पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया गया।
* सम्मान करने वाले छात्र: प्रवीण अग्रवाल, राज सिंह, समता अग्रवाल, राजेंद्र जैन, मोनसन थॉमस, वेद प्रकाश नायक, गीता सिंह, हरिंदर कौर, आशा अग्रवाल, मनीष सिंह, निवेदिता अरोड़ा और जया जयसवाल ने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
* स्मृति चिन्ह: इस ऐतिहासिक मिलन को यादगार बनाने के लिए पूर्व एवं वर्तमान शिक्षकों को विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
0 सराहनीय सहयोग और संचालन
स्कूल के वर्तमान प्राचार्य आशीष एस जेकब का इस आयोजन में विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन राजेंद्र जैन ने अपनी चिर-परिचित शैली में किया, वहीं अंत में सभी का आभार प्रदर्शन मुकेश अग्रवाल द्वारा किया गया। सामूहिक भोज के बाद सभी मित्रों ने नम आंखों और ढेर सारी यादों के साथ एक-दूसरे से विदा ली।


