00 नगर पालिका अध्यक्ष कांग्रेस के तो प्रतिमा लगाने की ठेकेदारी का बीजेपी कनेक्शन
TTN डेस्क
कटघोरा/कोरबा। कटघोरा नगर पालिका परिषद के ‘अटल परिसर’ में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा निर्माण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। योजना के तहत यहाँ लगभग ₹13.60 लाख की लागत से ब्रॉन्ज (कांस्य) की प्रतिमा स्थापित की जानी थी, लेकिन इसकी जगह कंक्रीट और सीमेंट का ढांचा खड़ा कर उस पर ब्रॉन्ज का रंग चढ़ा दिया गया। पहली ही बारिश में पेंट उखड़ने के बाद इस ‘सीमेंट घोटाले’ की परतें खुल गईं।
0 सब-कॉन्ट्रैक्ट का खेल और राजनीतिक घमासान





कटघोरा नगर पालिका के अध्यक्ष जहाँ कांग्रेस के राज जायसवाल हैं, वहीं निर्माण कार्य की ठेकेदारी का सीधा कनेक्शन भाजपा से जुड़ा निकला। मूल ठेका स्थानीय व्यवसायी मनोज अग्रवाल को मिला था, जिसने नियमों को ताक पर रखकर काम सब-कॉन्ट्रैक्ट के जरिए भाजयुमो कटघोरा मंडल अध्यक्ष अनुराग दुहलानी को सौंप दिया।
मामले के गरमाते ही भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को तत्काल बर्खास्त करने, प्रतिमा की तकनीकी जांच कराने और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
0 क्या बोले जिम्मेदार और विपक्षी दल?
नगर पालिका अध्यक्ष (कांग्रेस) राज जायसवाल: “प्रतिमा सीमेंट की प्रतीत हो रही है। ठेकेदार को नोटिस जारी कर मेटल खरीदी के बिल-वाउचर मांगे गए हैं। इंजीनियर व सीएमओ को जांच के निर्देश दिए गए हैं।”
युवक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन: शुक्रवार को युवक कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने झमाझम बारिश के बीच अटल परिसर के सामने प्रदर्शन किया। हाथ में “अटल जी का यह अपमान… नहीं सहेगा हिंदुस्तान” का पोस्टर लिए भाजपाइयों व अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


