
00 राष्ट्रीय कैरम व शतरंज स्पर्धा के लिए छत्तीसगढ़ पावर कंपनीज़ की टीम घोषित
TTN डेस्क
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की अंतर-क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता के पुरुष टीम वर्ग में रायपुर सेंट्रल चैंपियन व दुर्ग रीजन उपविजेता रहा। वहीं महिला टीम वर्ग में कोरबा वेस्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर सेंट्रल उपविजेता रहा।
जगदलपुर में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय कैरम प्रतियोगिता के महिला एकल वर्ग में रायपुर (सेंट्रल) की कंचन महेश ठाकुर विजेता तथा नमिता जैन उपविजेता रहीं। महिला युगल में भी कंचन व नमिता की जोड़ी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दुर्ग की शकुंतला कारक व अनीता रोही उपविजेता रहीं। पुरुष एकल वर्ग में कोरबा (वेस्ट) के विनोद राठौर विजेता तथा जगदलपुर के कमलेश ठाकुर उपविजेता रहे। पुरुष टीम स्पर्धा का खिताब जगदलपुर ने जीता और दुर्ग उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक अधीक्षण अभियंता पंकज चौधरी ने बताया कि इस प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी 4 से 6 अगस्त तक तिरुपति (आंध्र प्रदेश) में आयोजित होने वाली 48वीं ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की राष्ट्रीय कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

