00 कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित कवि सम्मेलन के होंगे मुख्य अतिथि,महापौर संजू देवी करेंगी अध्यक्षता
00 ‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर जुटेंगे नामचीन कवि-कवयित्री
TTN डेस्क
कोरबा: हंसी के ठहाकों, व्यंग्य की धार, गीतों की मिठास और श्रृंगार की खूबसूरती से सजी एक भव्य काव्य संध्या का आनंद लेने का शानदार मौका कोरबा के नगरजनों और साहित्यप्रेमियों को मिलने जा रहा है। 18 नवम्बर (बुधवार) को निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम (घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम) में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
0 इन अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस प्रतिष्ठित कवि सम्मेलन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग एवं श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पांडेय, पार्षद एवं एमआईसी सदस्य नरेन्द्र देवांगन, मां सर्वमंगला मंदिर प्रबंधक/पुजारी पं. नमन पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिलाध्यक्ष सोनू पांडेय अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
0 जाने-माने कवि बिखेरेंगे अपनी रचनाओं का जादू
‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न कोनों से आए ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्री अपनी शानदार रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे और उन्हें भावनाओं से जोड़ेंगे। इस संध्या में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
देशभर से आ रहे इन रचनाकारों की मौजूदगी से यह शाम साहित्य, मनोरंजन और संवेदनाओं का अनूठा संगम बनेगी:
अखिलेश द्विवेदी (प्रयागराज): अपनी बेहतरीन हास्य कविताओं से श्रोताओं को लोटपोट करेंगे।
मीर अली मीर (रायपुर): अपनी मनमोहक गीतात्मक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
पवन बांके बिहारी (पश्चिम बंगाल): हास्य काव्य का अनूठा रंग जमाएंगे।
प्रियंका मिश्रा (कटनी): श्रृंगार रस की कविताओं से इस काव्य संध्या को बेहद खास बनाएंगी।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ भी अपनी गुदगुदाने वाली हास्य कविताओं से कार्यक्रम में जोरदार ठहाकों का रंग भरेंगे।
0 शाम 7 बजे से होगा कार्यक्रम का आगाज

साहित्य प्रेमियों और शहरवासियों के लिए यह अद्भुत आयोजन 18 नवम्बर 2026, बुधवार को शाम 7 बजे से निहारिका स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम, कोरबा में शुरू होगा। आयोजकों ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस साहित्यिक और सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।


