00 रास लीला, भजन और हास्य कवि सम्मेलन की बहेगी बयार
TTN डेस्क
कोरबा। गौ माता के प्रति श्रद्धा और समर्पण का पावन पर्व गोपाष्टमी मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को ग्राम कनबेरी स्थित श्री अग्रसेन गौ धाम में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। अग्रवाल सभा कोरबा एवं अग्रसेन गौ धाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव शामिल होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन , कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत , कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा कोरबा के अध्यक्ष श्री बजरंग अग्रवाल करेंगे।
0 भक्ति, रास लीला और हास्य का अनोखा संगम
महोत्सव को यादगार बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसमें प्रसिद्ध गायक विजय बहादुर अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए राधा-कृष्ण संग रास लीला 

का भी भव्य आयोजन होगा। इसके अलावा, ‘छत्तीसगढ़ युवा साहित्य रत्न – 2024’ से सम्मानित मशहूर हास्य कवि हीरामणि वैष्णव अपनी चुटीली और गुदगुदाने वाली प्रस्तुतियों से हास्य-उत्सव का रंग जमाएंगे।
0 कार्यक्रम की रूपरेखा
गौ पूजन: प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तक
मंचीय कार्यक्रम: दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक
भंडारा प्रसाद: दोपहर 1:30 बजे से गौ गोपाल जी की इच्छा तक
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल एवं अग्रसेन गौ सेवा समिति के अध्यक्ष जयंत अग्रवाल ने बताया कि इस गोधाम में वर्तमान में 800 से अधिक गौवंश की निरंतर सेवा की जाती है। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार गौ धाम पधारकर गौ पूजन करने, भंडारा प्रसाद ग्रहण करने और इस पुण्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

