TTN डेस्क 

कोरबा, 11 सितंबर। भादी अमावस्या के पावन अवसर पर श्री रानी सती दादी के भक्तों की विशेष आस्था और श्रद्धा के केंद्र सप्तदेव मंदिर परिसर में एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रात्रि 8 बजे से आरंभ हुई इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक काव्य संध्या ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और साहित्यप्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
0 विविध रंगों से सजी प्रस्तुतियां
यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर भक्ति, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक चेतना का एक अनूठा संगम साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से पधारे प्रतिष्ठित रचनाकारों ने अपनी ओजस्वी और भावपूर्ण रचनाओं से समां बांधा। मंच पर भक्ति, अध्यात्म, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकार, हास्य-व्यंग्य और जीवन के विविध पक्षों को छूने वाली कविताओं की त्रिवेणी बही।
0 इन प्रसिद्ध रचनाकारों ने दी प्रस्तुतियां
कार्यक्रम की संयोजिका एवं कोरबा की सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. अंजना सिंह ठाकुर के कुशल निर्देशन में देश के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए रचनाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया उनमें डॉ अंजना सिंह
सोनल जैन (सूरत)
इंजीनियर विनोद नयन (जबलपुर)
जयकुमार जय (भरतपुर)
विमल सोनी (सूरत)
बृजकिशोर पटेल (इटारसी)प्रमुख रूप से शामिल रहे।
0 नगरवासियों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप का विशेष योगदान रहा। आयोजकों के आह्वान पर कोरबा जिले सहित आसपास के तमाम नगरवासियों, दादी भक्तों, श्रद्धालुओं और संस्कृति प्रेमियों ने बड़ी संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर कवि सम्मेलन का आनंद लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।


