00 आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
TTN डेस्क
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से व्यापक फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने एक कार्यालयीन आदेश जारी कर छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
निगम प्रशासन के अनुसार, इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य राजस्व, जलकर, संपत्तिकर और संपदा शाखाओं के कामकाज में तेजी लाना और विभिन्न जोनों में जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन सुनिश्चित करना है।
0 किसे मिली क्या नई जिम्मेदारी
सुमीत गुप्ता (सहायक राजस्व अधिकारी): कोसाबाड़ी जोन के उप जोन प्रभारी पद से मुक्त करते हुए राजस्व एवं जलकर शाखा का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे नोडल अधिकारी व उपायुक्त नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।
श्रीराम सिंह नेताम (कार्यालय अधीक्षक): कैश शाखा के दायित्व से मुक्त कर संपत्तिकर शाखा का सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
अविनाश जायसवाल (राजस्व निरीक्षक): पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी पद से स्थानांतरित कर कोसाबाड़ी जोन का नया उप जोन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उत्तम राठौर (राजस्व उप निरीक्षक): कोरबा जोन से मुक्त कर पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
भावेश यादव (राजस्व उप निरीक्षक): संपदा शाखा का सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे नोडल अधिकारी नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में कार्य संभालेंगे।
राम मेहतो (सहायक राजस्व निरीक्षक): संपदा (कॉम्प्लेक्स/दुकान) शाखा में पदस्थ किया गया है।

आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन दायित्वों का निर्वहन शुरू करने का निर्देश दिया है। आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक जानकारी एवं कार्रवाई हेतु विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है।


