00 शहर में शोक की लहर,महापौर का चुनाव लड़कर राजनीति में किन्नर समाज को दिलाई थी नई पहचान; शहर के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस
TTN डेस्क
कोरबा के किन्नर समाज की अध्यक्ष एवं प्रखर सामाजिक कार्यकर्ता मालती किन्नर का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे किन्नर समाज सहित शहर और राजनीतिक-सामाजिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी था, जहाँ उन्होंने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।
0 किन्नर समाज के अधिकारों के लिए लड़ा लंबा संघर्ष
मालती किन्नर सामाजिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाती थीं। उन्होंने किन्नर समाज के हितों, अधिकारों और समाज में उन्हें मान-सम्मान दिलाने के लिए लगातार मुखर होकर आवाज उठाई। प्रशासनिक स्तर पर भी वे कई बार किन्नर समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रही थीं। उनके निधन को सामाजिक क्षेत्र एवं किन्नर समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
0 निर्दलीय लड़ा था महापौर का चुनाव, कांग्रेस में निभाई संगठनात्मक जिम्मेदारी
सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ मालती किन्नर राजनीति में भी सक्रिय रहीं। उन्होंने कोरबा नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर महापौर पद का चुनाव लड़ा था। हालांकि वे चुनाव नहीं जीत सकीं, लेकिन उनके इस ऐतिहासिक कदम ने किन्नर समाज को मुख्यधारा की राजनीति में एक नई पहचान दिलाई। बाद में उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठनात्मक जिम्मेदारियाँ भी निभाईं और पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अपने मिलनसार स्वभाव और जुझारू व्यक्तित्व के कारण हर वर्ग में उनकी अच्छी पकड़ थी।
0 विभिन्न संगठनों व नेताओं ने जताया शोक, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

मालती किन्नर के निधन की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से किन्नर समाज के सदस्य कोरबा पहुंचे। कांग्रेस, भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
रविवार को अंतिम संस्कार से पहले वैष्णो दरबार के पास स्थित उनके निवास पर पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
0 पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने दी श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ के पूर्व राजस्व मंत्री व कोरबा के पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने मालती किन्नर के निवास पहुँचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मालती किन्नर के निधन की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी समाज में अपनी एक अलग छाप छोड़ी। उनका जाना किन्नर समाज और पूरे कोरबा के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
0 किन्नर समाज के मुक्तिधाम में संपन्न हुआ अंतिम संस्कार



मालती किन्नर ने खुद किन्नर समाज के अंतिम संस्कार के लिए मुड़ापार में हेलीपैड के पास मुक्तिधाम की भूमि का शिलान्यास कराया था। आज दोपहर 2 बजे उसी मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार नागपुर से आई गुरु मां की गरिमामयी उपस्थिति और दिशा-निर्देशों में किन्नर समाज की पारंपरिक विधि के अनुसार संपन्न हुआ। इसके साथ ही इसमें हिंदू रीति-रिवाजों और उनके पति के समुदाय की धार्मिक परंपराओं का भी समावेश किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने नम आंखों से मालती किन्नर को अंतिम विदाई दी।
उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में शहरवासी व समाज के लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। समाज के लोगों का कहना है कि उनकी कमी हमेशा खलेगी, लेकिन उनके द्वारा शुरू किए गए सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

