00 जन्मदिन की पार्टी में शामिल थे कई रसूखदार परिवारों के युवक; मुख्य आरोपी फरार, उरगा पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
कोरबा (टीटीएन डेस्क)। ऊर्जाधानी कोरबा में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक सिरफिरे युवक ने बीती रात मीरा रिसॉर्ट के बाहर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक ने बदले की नीयत से दूसरे पर बोलेरो कैंपर वाहन चढ़ा दिया, जिससे दीपका निवासी उज्जवल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इस पार्टी में क्षेत्र के कई रसूखदार और प्रभावशाली परिवारों से संबंध रखने वाले युवक भी शामिल थे, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया है। उरगा पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
0 चेक-आउट के बाद सड़क पर भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र से करीब 20 से 25 युवक शुक्रवार की रात अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने उरगा मार्ग पर स्थित मीरा रिसॉर्ट पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे पार्टी के दौरान तुषार ढांडा और उज्जवल कुमार सिंह (36 वर्ष, पिता चंद्रमा सिंह) के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। रिसॉर्ट के भीतर शुरू हुआ यह विवाद वहां तो शांत हो गया, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे चेक-आउट करने के बाद रिसॉर्ट के बाहर सड़क पर फिर से भड़क उठा।
0 आरोपी ने बोलेरो कैंपर को बनाया ‘हथियार’
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिसॉर्ट के बाहर विवाद बढ़ने पर आरोपी तुषार ढांडा ने तैश में आकर अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। उसने अपनी बोलेरो कैंपर गाड़ी स्टार्ट की और सड़क पर खड़े उज्जवल सिंह को पूरी रफ्तार से कुचल दिया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि उज्जवल गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। इस आत्मघाती और जानलेवा हमले के वक्त वहां कई रसूखदार घरों के लड़के भी मौजूद थे, जो वाहन की रफ्तार देखकर खौफ में आ गए और अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटे।
0 मौके पर मची अफरा-तफरी, अस्पताल में तोड़ा दम

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुषार ढांडा अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। रिसॉर्ट परिसर और सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लहूलुहान उज्जवल को उसके साथियों द्वारा तत्काल जिला चिकित्सालय कोरबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस की टीमें दे रहीं दबिश
उरगा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी तुषार ढांडा के खिलाफ हत्या (भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धारा) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस रिसॉर्ट में मौजूद अन्य चश्मदीद युवकों से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि आरोपी दीपका के गरुड़ नगर का निवासी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


