Home कोरबा देखिए वीडीओ…कोरबा : इत्तेहाद कमेटी के रोजा इफ्तार में दिखी ‘गंगा-जमुनी’...

देखिए वीडीओ…कोरबा : इत्तेहाद कमेटी के रोजा इफ्तार में दिखी ‘गंगा-जमुनी’ तहजीब

00 20वें रोजे पर दुआ के लिए उठे हजारों हाथ, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज और महापौर समेत कई दिग्गज हुए शामिल

TTN डेस्क

कोरबा। शहर की पुरानी बस्ती स्थित स्कूल मैदान सोमवार को आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का गवाह बना। इत्तेहाद कमेटी द्वारा आयोजित भव्य रोजा इफ्तार में न केवल मुस्लिम समुदाय, बल्कि हिंदू, सिख, ईसाई और सिंधी समाज के लोगों ने भी शिरकत की। कड़ाके की धूप के बाद शाम को जब इफ्तार का वक्त हुआ, तो करीब 3000 रोजेदारों ने एक साथ दस्तरख्वान पर बैठकर मुल्क की अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।

0 मंच पर दिखी एकता की मिसाल

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) डॉ. सलीम राज और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान मौजूद रहे। कोरबा की प्रथम नागरिक महापौर संजू देवी राजपूत और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

0 आयोजन से बढ़ती है मोहब्बत: डॉ. सलीम राज

डॉ. सलीम राज ने अपने संबोधन में कहा, “पुरानी बस्ती का यह नजारा भारत की असली खूबसूरती है। जब सभी धर्मों के लोग एक मंच पर बैठकर इफ्तार करते हैं, तो दिलों की दूरियां खत्म होती हैं और गंगा-जमुनी तहजीब मजबूत होती है।” वहीं, मखमूर इकबाल खान ने कहा कि रमजान का यह मुबारक महीना हमें एकजुटता का संदेश देता है।

0 महापौर और सभापति ने जताया आभार

महापौर संजू देवी राजपूत ने वार्ड वासियों के स्नेह को याद करते हुए सभी को रमजान की मुबारकबाद दी। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि इस वार्ड से उनका जुड़ाव हमेशा धर्म से ऊपर रहा है। श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन की अनुपस्थिति में पार्षद नरेंद्र देवांगन ने उनकी ओर से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जावेद रब्बानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मेमन जमात के अध्यक्ष मोहम्मद अमीन शेखानी ने किया। इस दौरान एमआईसी सदस्य अशोक चावलानी, साजन जोसेफ, ताज सिद्दीकी, फारुख मेमन, तामेश अग्रवाल, पार्षद धनश्री साहू, वरिष्ठ पत्रकार रफीक मेमन और मनीष शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

0 कमेटी की मेहनत लाई रंग

आयोजन को सफल बनाने में मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा आसिफ बेग (निशु), मोहसिन मेमन, सैयद एहतेशाम अली, मोहम्मद जाकिर, महबूब खान, नौशाद खान और इत्तेहाद कमेटी के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इफ्तार के बाद अतिथियों ने पदाधिकारियों के निवास पर जाकर सौजन्य मुलाकात भी की।