



00 छत्तीसगढ़ के ‘गोवा’ में YHAI का फैमिली कैंपिंग और होली मिलन संपन्न; नीले पानी और पहाड़ियों के बीच सदस्यों ने बिताया यादगार समय
TTN डेस्क
कोरबा | शहर की भागदौड़ से दूर, हसदेव बांगो जलाशय के नीले पानी और महादेव पहाड़ियों की गोद में बसा सतरेंगा इन दिनों पर्यटकों के लिए पहली पसंद बना हुआ है। इसी सुरम्य वातावरण में यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YHAI) द्वारा 28 फरवरी और 1 मार्च को ‘2 दिन 1 रात फैमिली कैंपिंग’ का शानदार आयोजन किया गया। प्रकृति के अद्भुत रंगों के बीच हॉस्टल के सदस्यों ने न केवल साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया, बल्कि हर्षोल्लास के साथ पारिवारिक होली मिलन भी मनाया।
0 छत्तीसगढ़ का ‘गोवा’ और पसंदीदा शूटिंग स्पॉट
कोरबा से लगभग 36 किलोमीटर उत्तर में स्थित सतरेंगा को अपनी सुंदरता के कारण स्थानीय रूप से ‘छत्तीसगढ़ का गोवा’ कहा जाता है। यह स्थान महादेव पहाड़ियों से घिरा हुआ है और जलाशय के बीच स्थित छोटे-छोटे द्वीप इसे और भी आकर्षक बनाते हैं। अपनी हरियाली और नीले पानी के कारण यह छत्तीसगढ़ी क्षेत्रीय फिल्मों/एल्बम की शूटिंग के लिए भी फिल्मकारों का पसंदीदा स्थान बन चुका है।
0 कैंपिंग में रोमांच और प्रकृति का संगम
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ईको-टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित सतरेंगा में सदस्यों ने कई गतिविधियों का अनुभव किया:
* जलक्रीड़ाएं: सदस्यों ने नौका विहार (Boating) और जलाशय के बैकवाटर में जलक्रीड़ाओं का आनंद लिया।
* साहसिक गतिविधियाँ: पहाड़ियों के बीच ट्रेकिंग और टेंट कैंपिंग ने सदस्यों को प्रकृति के करीब आने का मौका दिया।
* होली मिलन: जलाशय के किनारे खुले आसमान के नीचे सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर अपकमिंग होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
0 जानिए क्या है पर्यटकों के लिए सुविधाएं और पहुँच मार्ग
सतरेंगा अब केवल एक पिकनिक स्पॉट नहीं, बल्कि रिसॉर्ट्स और बेहतरीन कनेक्टिविटी वाला पर्यटन केंद्र बन चुका है:
* सड़क मार्ग: कोरबा बस टर्मिनल से आसानी से पहुँचा जा सकता है।
* रेल मार्ग: नजदीकी रेलवे स्टेशन कोरबा है।
* वायु मार्ग: यहां एक समर्पित हेलीपैड की सुविधा है। सबसे नजदीकी हवाई अड्डा बिलासपुर(105 किमी) रायपुर (255 किमी) है।
यह आयोजन YHAI के सदस्यों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव रहा, जिसने छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को एक बार फिर रेखांकित किया है।


