Home दुनिया बांग्लादेश:ढाका एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल में भीषण आग, सभी उड़ानें स्थगित

बांग्लादेश:ढाका एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल में भीषण आग, सभी उड़ानें स्थगित

TTN डेस्क

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल में शनिवार दोपहर भीषण आग लगने के बाद एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।
यह घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब एयरपोर्ट के कार्गो विलेज (वह स्थान जहाँ दूसरे देशों से आए सामानों को रखा जाता है) में आग लग गई।

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एयरपोर्ट के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, मोहम्मद मसूदुल हसन मसूद ने दोपहर 3:45 बजे स्थिति की पुष्टि की और बताया कि आग पर काबू पाने के लिए आपातकालीन उपाय तुरंत किए गए।

इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के अनुसार, आग को नियंत्रित करने में बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB), अग्निशमन सेवा और बांग्लादेश वायु सेना के फायर टेंडर्स ने संयुक्त प्रयास किए, जिसके बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। आग लगने के कारण और क्षति का आकलन किया जा रहा है।