00 राहुल-केजरीवाल के मनमुटाव को भूल बदहाल सड़कों पर एक साथ उतरे युवा कार्यकर्ता; पुलिस बैरिकेड्स पर हुई धक्का-मुक्की
TTN डेस्क
कोरबा ।राष्ट्रीय राजनीति में एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) का कोरबा में एक हैरान कर देने वाला नया समीकरण देखने को मिला है। नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सड़कों, जलभराव और चरमराती सफाई व्यवस्था के विरोध में लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में आयोजित उग्र प्रदर्शन में ‘आप’ के युवा नेता भी कंधे से कंधा मिलाकर निगम कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।
0 कड़वाहट भूल सड़कों पर दिखे युवा: राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
विदित हो कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कोई राजनीतिक तालमेल नहीं है। राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल की आपसी कड़वाहट किसी से छिपी नहीं है और विपक्षी गठबंधनों के दौर में भी ‘आप’ नेता कांग्रेस पर तंज कसने का कोई मौका नहीं छोड़ते, जिसके चलते उन्हें अक्सर बीजेपी की ‘बी-टीम’ तक कह दिया जाता है। इस तीखी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद, कोरबा की सड़कों पर दोनों पार्टियों के युवा नेताओं का एक साथ आना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। वहीं कांग्रेस के गुटीय संघर्ष का भी नजारा साफ दिखा क्योंकि पार्टी के ही युवा और छात्र विंग के आंदोलन से निगम में कांग्रेस की नुमाइंदगी करने वाला खेमा नजर नहीं आया।


0 बैरिकेड्स पर पुलिस से झड़प, निगम को दी सीधी चेतावनी
कोसाबाड़ी से शुरू हुए इस प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में मजबूत बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और ‘आप’ कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ जमकर रस्साकशी व धक्का-मुक्की हुई, जिससे काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा।
जनसभा को संबोधित करते हुए श्याम नारायण सोनी ने कहा कि क्षेत्र के महापौर, विधायक और मंत्री मूलभूत समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गड्ढों और बदहाल सड़कों के कारण किसी नागरिक की दुर्घटना में मौत होती है, तो नगर निगम से नियमानुसार भारी मुआवजे की मांग की जाएगी।
0 प्रदर्शन में ये प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
इस संयुक्त प्रदर्शन में एआईसीसी सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर अभय तिवारी, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री शहजाद आलम, बाकी मोगरा नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष मनमोहन राठौर समेत युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

