कोरबा (गेवरा-दीपका)
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की दीपका परियोजना के खदान क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक गंभीर हादसा हो गया। ब्लास्टिंग कार्य में उपयोग होने वाले आईओसीएल (IOCL) वाहन का टायर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। एसईसीएल के जनसंपर्क अधिकारी ने एक वीडीओ बयान जारी कर कहा है कि खदान में कोई ब्लास्ट नहीं हुआ है।वाहन का टायर फटने से उसका हेल्पर घायल हुआ है।घटना में किसी एसईसीएल कर्मी या ठेका कर्मी को चोट नहीं आई है।

0 उड़ते पत्थरों की चपेट में आया मजदूर
टायर फटने से हुए विस्फोट और उड़ते पत्थरों की चपेट में आने से कान्हा बारेकर (उम्र 29 वर्ष, पिता गणेश राम, निवासी कुसमुंडा) नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि पीड़ित मजदूर के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
0 तत्काल उपचार और रेफर
हादसे के तुरंत बाद, घटनास्थल पर उपस्थित सहकर्मियों ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी और परियोजना की एंबुलेंस की मदद से घायल मजदूर को नेहरू शताब्दी अस्पताल, गेवरा लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एनकेएच अस्पताल कोरबा में रेफर कर दिया गया है।
0 जांच के लिए अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलते ही परियोजना के अधिकारी और सेफ्टी कमेटी के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। यह हादसा खदान में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।