कोरबा में दर्दनाक हादसा : हाइवोल्टेज करंट की चपेट में आने से डॉक्टर की मौत,पत्नी गंभीर

TTN Desk

छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक हृदय विदारक घटना में 50 वर्षीय डॉ. कलीम रिजवी की करंट लगने से मृत्यु हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपने घर की छत पर साफ-सफाई कर रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी भी गंभीर रूप से झुलस गईं।जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

0 कैसे हुआ हादसा?

यह दुखद घटना आज सुबह करीब 10 बजे दादर से मानिकपुर मार्ग के पास डॉ. कलीम रिजवी के घर पर हुई। डॉ. रिजवी छत पर साफ-सफाई कर रहे थे, तभी उन्होंने एक लोहे की रॉड उठाई जो दुर्भाग्यवश 11 केवी बिजली के तार के संपर्क में आ गई। करंट का झटका इतना भीषण था कि डॉ. कलीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी, जो उस वक्त उनके पास ही थीं, भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं।

0अस्पताल में परिजनों का जमावड़ा

हादसे के तुरंत बाद डॉ. रिजवी और फिरदौस रिजवी को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने डॉ. रिजवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, फिरदौस रिजवी का इलाज डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉ. कलीम रिजवी के निधन की खबर मिलते ही उनके परिजन और शुभचिंतक बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। सभी इस आकस्मिक और दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं और गहरे शोक में हैं। डॉ. कलीम के परिवार में पत्नी के अलावा बेटी हिना और बेटे फयाज हैं।

0पुलिस कर रही है मामले की जांच

इस मामले में जिला अस्पताल चौकी पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

0 क्षेत्र में शोक की लहर

डॉ. कलीम रिजवी अपने घर पर ही क्लीनिक चलाते थे और क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और स्थानीय लोग इस अप्रत्याशित क्षति से गहरे सदमे में हैं।