



नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली स्थित लाल किले के परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां चल रहे एक जैन धार्मिक अनुष्ठान से लगभग 1 करोड़ रुपये की कीमत का एक कलश चोरी हो गया है. यह कलश सोने, हीरे और माणिक्य जैसे कीमती रत्नों से जड़ा हुआ था.
0 नचोरी का तरीका और पुलिस की कार्रवाई
लाल किले के गेट नंबर 15 पर स्थित पार्क में चल रहे इस धार्मिक आयोजन के दौरान, एक अज्ञात व्यक्ति ने पुजारी के वेश में मंडप में प्रवेश किया. जब सभी श्रद्धालु अनुष्ठान में व्यस्त थे, तभी आरोपी ने कलश चुरा लिया और एक झोले में डालकर फरार हो गया. किसी को इस चोरी की भनक तक नहीं लगी.
शिकायत दर्ज होने के बाद, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की. फुटेज में आरोपी को कलश ले जाते हुए साफ देखा जा सकता है.
0 पुलिस का दावा कि पहचाना जा चुका है आरोपी
पुलिस ने बताया कि चोरी हुए कलश में 760 ग्राम सोना और 150 ग्राम हीरे, माणिक्य और पन्ना जड़े हुए थे.
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसे जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है. यह घटना लाल किले जैसे अति सुरक्षित परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है.


