Home कोरबा सतरेंगा के बैकवाटर में गूंजी हंसी-ठिठोली, YHAI कोरबा ने बसाया ‘टेंटों का...

सतरेंगा के बैकवाटर में गूंजी हंसी-ठिठोली, YHAI कोरबा ने बसाया ‘टेंटों का शहर’

00 2 दिवसीय फैमिली कैंपिंग: स्टार गेज़िंग, मूनलाइट वॉक और जल क्रीड़ाओं के बीच सदस्यों ने मनाया ‘एडवेंचरस’ होली मिलन

TTN डेस्क

कोरबा | यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YHAI) कोरबा इकाई द्वारा प्रकृति की गोद में साहसिक गतिविधियों और पारिवारिक मिलन का एक अनूठा संगम देखने को मिला। सतरेंगा स्थित बांगो बांध के सुरम्य बैकवाटर जलाशय के किनारे 28 फरवरी और 1 मार्च को आयोजित ‘2 दिन 1 रात फैमिली कैंपिंग’ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में लगभग 40 सदस्यों ने टेंट लगाकर एक अस्थाई ‘टेंट सिटी’ की स्थापना की और प्रकृति के करीब रहकर जीवन के गुर सीखे।

0 मुख्य अतिथि ने खुद लगाया टेंट, दिया सक्रियता का संदेश

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपीएम कोरबा के मुख्य अभियंता श्री संजीव कंसल एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती अलका कंसल रहे। प्रेरणादायक पहल करते हुए श्री कंसल ने स्वयं अपनी पत्नी के साथ अपना टेंट स्थापित किया, जिसने युवा सदस्यों में नई ऊर्जा भर दी। उन्होंने कोरबा इकाई की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल व्यक्तित्व विकास करते हैं, बल्कि सामुदायिक एकता को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

0 दिन में जल क्रीड़ा और रात को सितारों की महफ़िल

राज्य चेयरमैन संदीप सेठ ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सदस्यों को प्रकृति के बीच रहने और सर्वाइवल स्किल सिखाना था। कैंपिंग के दौरान सदस्यों ने कई रोमांचक गतिविधियों का आनंद लिया:

* एडवेंचर: पानी के भीतर ट्रेकिंग, नौकायन और जल क्रीड़ाएं।
* अनुभव: मूनलाइट वॉक, टेंट कैंपिंग और रात के अंधेरे में तारामंडल अवलोकन (स्टार गेज़िंग)।
* ट्रेनिंग: सदस्यों को स्वयं के लिए पारिवारिक टेंट लगाने और पर्यावरण-अनुकूल अस्थायी शौचालय निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

0 होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों ने बांधा समां

कैंपिंग के दौरान बोनफायर के चारों ओर सदस्यों ने खेलकूद और संगीत का आनंद लिया। इस अवसर पर होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। श्रीमती अलका कंसल ने सभी को होली की बधाई देते हुए कैंपिंग अनुभव को बेहद यादगार बताया।

0 इनकी रही सक्रिय सहभागिता

कार्यक्रम का सफल संचालन राज्य चेयरमैन संदीप सेठ के मार्गदर्शन में उपाध्यक्ष त्रिभुवन कौशिल, कोषाध्यक्ष प्रेमलाल मिरेंद्र, सचिव शैलेन्द्र, एवं कार्यकारिणी सदस्य कल्पना सेठ, दीपेश राठौर व शिवकुमारी के सहयोग से हुआ।
प्रमुख प्रतिभागियों में अनामिका अतुल गुप्ता, अलका सुनील सेठ, मालती प्रदीप जोशी, स्मृति योगेश राठौर, साधना, एम.सी. सोनी, अलका नवीन मानिक, स्मिता आनंद देशपांडे, बी.एस. अहिरे, प्रियंका, शारदा, सागर और सौरभ सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।