

00 फूड पॉइजनिंग की आशंका, इलाज के लिए ग्वालियर रेफर; सांसद ने दिए जांच के निर्देश
TTN डेस्क
खजुराहो/ग्वालियर: मध्य प्रदेश के खजुराहो स्थित गौतम रिसॉर्ट में सोमवार शाम भोजन करने के बाद रिसॉर्ट के 9 कर्मचारियों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। इलाज के दौरान 4 कर्मचारियों की दुखद मौत हो गई है, जबकि 5 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है।
0 भोजन में आलू गोभी की सब्जी मौत का कारण बनी ?
जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों ने सोमवार शाम करीब 5 बजे भोजन किया था, जिसमें आलू-गोभी की सब्जी शामिल थी। भोजन के कुछ ही मिनट बाद हार्दिक सोनी (20), रामस्वरूप कुशवाहा (47), रवि कोदर (19) और गिरजा रजक (35) सहित 9 कर्मचारियों को उल्टी, चक्कर और घबराहट जैसे लक्षण महसूस होने लगे।
सभी को फूड पॉइजनिंग के लक्षणों के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात हालत खराब होने पर जिला अस्पताल प्रशासन ने सभी 9 कर्मचारियों को झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
0 ग्वालियर में 4 कर्मचारियों ने तोड़ा दम
झाँसी से गंभीर स्थिति होने पर ग्वालियर रेफर किया गया था। ग्वालियर के न्यू जेएएच के पॉइजन वार्ड में इलाज के दौरान 4 कर्मचारियों ने दम तोड़ दिया, जिनकी पहचान गिरजा रजक (35), रामस्वरूप कुशवाहा (47), रोशनी रजक (35) और गोलू अग्निहोत्री (25) के रूप में हुई है। मृतक रामस्वरूप कुशवाहा के भांजे अरविंद कुशवाहा ने बताया कि रिसॉर्ट में सभी कर्मचारियों ने खाना खाया था, जिसके बाद 5 लोग अभी भी गंभीर हैं। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है।
0 पुलिस ने रिसॉर्ट में जाँच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने रिसॉर्ट पहुँचकर स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और किचन की साफ-सफाई से जुड़े सभी सैंपल जाँच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण का पता चल पाएगा। प्रशासन ने रिसॉर्ट प्रबंधन को किचन की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।


