00 हादसे में 12 अन्य घायल, मार्च में रिटायर होने वाले थे जांबाज इंस्पेक्टर जगदीश; झूला संचालक गिरफ्तार
TTN डेस्क
फरीदाबाद। विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार की शाम खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब एक विशाल ‘सुनामी’ झूला तकनीकी खराबी के कारण बीच से टूटकर नीचे गिर गया। इस भीषण हादसे में घायलों को बचाते समय हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद (58) ने अपनी जान गंवा दी। हादसे में 12 से 13 अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
0 कर्तव्य की राह पर शहादत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:15 बजे जब झूला टूटा, तो वहां तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना तुरंत लोगों को निकालने और बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान झूले का एक भारी हिस्सा उन पर आ गिरा। 1989 में पुलिस बल में शामिल हुए जगदीश प्रसाद इसी साल मार्च में रिटायर होने वाले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
0 पुलिस की कार्रवाई: SIT गठित, दो गिरफ्तार
हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया:
* मोहम्मद शाकिर: ‘हिमाचल फन केयर’ का मालिक और झूला ऑपरेटर (निवासी सिरमौर, हिमाचल प्रदेश)।
* नितेश: स्टाफ सदस्य (निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश)।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है, जो इस बात की जांच करेगी कि क्या झूलों की फिटनेस जांच में कोई कोताही बरती गई थी।
0 हादसे के समय झूले पर सवार थे 20 से अधिक लोग
जिस वक्त हादसा हुआ, सुनामी झूले पर करीब 15 से 26 लोग सवार थे। हवा में करीब 30-40 फीट की ऊंचाई पर झूला अचानक दो हिस्सों में बंट गया। घायलों में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिक भी शामिल हैं। मेले में मौजूद लोगों ने बताया कि झूला गिरते ही चारों तरफ भगदड़ मच गई थी।





