



0 महिला आयोग सदस्य, मातृशक्ति को प्राथमिकता,ओबीसी फोकस
TTN डेस्क
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए लक्ष्मी वर्मा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। लक्ष्मी वर्मा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं, बीजेपी की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं और रायपुर से जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष भी रहीं। वे 30 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं, संगठन में मजबूत पकड़ रखती हैं और पिछड़ा वर्ग के कुर्मी समाज से आती हैं।
पार्टी ने ‘मातृशक्ति’ को प्रतिनिधित्व देने की प्राथमिकता देते हुए उन्हें चुना। शुरुआत में 7 नामों के पैनल से 3 को शॉर्टलिस्ट किया गया था—लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी। अंतिम फैसला उच्च कमान ने लिया, जिसमें महिला उम्मीदवार को मौका दिया गया।
बीजेपी ने 6 राज्यों से कुल 9 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा शामिल हैं। राज्यसभा की इन दो सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा, जिसमें विधायकों द्वारा अप्रत्यक्ष चुनाव होगा। वर्तमान में छत्तीसगढ़ से 5 राज्यसभा सदस्य हैं, जिनमें से दो सीटें अप्रैल 2026 में खाली हो रही हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, लक्ष्मी वर्मा की संगठनात्मक सक्रियता और महिला वोट बैंक में प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया।


