नक्सलवाद के खात्मे का ‘फाइनल काउंटडाउन’: रायपुर पहुंचे अमित शाह, 31 मार्च की डेडलाइन पर लगेगी मुहर

00 3 दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री; सुरक्षा एजेंसियों के साथ लेंगे हाई-लेवल मीटिंग, बस्तर पंडुम में भी होंगे शामिल

TTN डेस्क

रायपुर | 07 फरवरी 2026
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार रात राजधानी रायपुर पहुंच गए हैं। पिछले दो महीनों में छत्तीसगढ़ का यह उनका दूसरा दौरा है, जिसे नक्सलवाद के समूल विनाश की दिशा में ‘निर्णायक’ माना जा रहा है। गृहमंत्री का यह दौरा केंद्र सरकार द्वारा तय की गई 31 मार्च 2026 की डेडलाइन से ठीक पहले हो रहा है, जिसमें अब महज 52 दिन शेष बचे हैं।

0आज होगी सुरक्षा की महा-समीक्षा

अमित शाह रविवार (8 फरवरी) को नवा रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (LWE) पर एक हाई-लेवल सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, अर्धसैनिक बलों के आला अधिकारी, डीजीपी और मुख्य सचिव शामिल होंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा बस्तर के बचे हुए 5 प्रतिशत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मुक्त कराने के लिए ‘अंतिम एक्शन प्लान’ तैयार करना है।

0 बस्तर पंडुम के समापन में होंगे शामिल

सुरक्षा बैठकों के साथ ही अमित शाह छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव ‘बस्तर पंडुम’ के समापन समारोह में भी शिरकत करेंगे। 9 फरवरी को वे जगदलपुर जाएंगे, जहाँ आदिवासी संस्कृति के इस महाकुंभ का विधिवत समापन करेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इसी महोत्सव का उद्घाटन किया था, जो सरकार के बस्तर के प्रति ‘विकास और विश्वास’ की रणनीति को दर्शाता है।

0 छत्तीसगढ़ @ 25 कॉनक्लेव में संबोधन
अपने प्रवास के दौरान अमित शाह रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के राज्य गठन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्य के भविष्य और विकास की रूपरेखा पर चर्चा होगी।