TTN Desk
भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। सोमवार को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
0 राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने व्यक्त की संवेदना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और उनके बेटे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, से मिलकर परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय और आदिवासी अस्मिता के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को भी याद किया।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अस्पताल पहुंचे और शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हेमंत सोरेन से मुलाकात की और दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और शिबू सोरेन के सभी प्रशंसकों के साथ हैं।”
0 पार्थिव देह ले जाई गई रांची,अंतिम संस्कार का कार्यक्रम भी होगा जल्द घोषित
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे रांची लाया जाएगा। झारखंड सरकार ने उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जो राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। हालांकि, अंतिम संस्कार का स्थान और समय अभी तक तय नहीं हुआ है।