देखिए वीडीओ…रायपुर में नशेड़ी लड़कियों की गुंडागर्दी : सोसाइटी अध्यक्ष को चाकू मारा,घर, कार,स्कूटी में तोड़फोड़

 

TTN Desk

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर नशे में धुत लड़कियों की गुंडागर्दी का दुस्साहसिक मामला सामने आया है। यहां एक पॉश सोसाइटी में नशा करने से टोकने पर दो लड़कियों ने सोसाइटी के अध्यक्ष पर न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि उनके घर और कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपी लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया है।

0 क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित गैलेक्सी आईलैंड सोसाइटी की है। यहां रहने वाली दो लड़कियों, जिनकी पहचान किरण सिंह राजपूत और रेशमा किरण के रूप में हुई है, ने सोसाइटी में जमकर हंगामा किया। उन्होंने सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश सिंह पर चाकू से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने गुस्से में अध्यक्ष के घर और पार्किंग में खड़ी उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए।घर के अंदर भी तोड़फोड़ की।

0 नशा करने से रोकने पर भड़कीं लड़कियां

जानकारी के अनुसार, यह विवाद नशे को लेकर शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियां अक्सर सोसाइटी परिसर में कुछ युवकों के साथ बैठकर नशा करती थीं। जब सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश सिंह ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें सार्वजनिक स्थान पर ऐसा करने से रोका, तो वे आग-बबूला हो गईं। इसी बात को लेकर उन्होंने अध्यक्ष के साथ मारपीट की और चाकू से उन पर हमला कर दिया।

0पुलिस का एक्शन, दोनों लड़कियां गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों आरोपी लड़कियों, किरण सिंह राजपूत और रेशमा किरण, को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में नशे के बढ़ते चलन और उसके कारण हो रहे अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।