Home कोरबा देखिए वीडियो… कोरबा : “महंत जी को तो कम तेल ,मिर्च का...

देखिए वीडियो… कोरबा : “महंत जी को तो कम तेल ,मिर्च का खाना पसंद और बच्चों की पसंद….सब बना देती हूं”


00 ज्योत्सना महंत ने राजनीति और सामाजिक पहलू के साथ साथ शेयर किए पारिवारिक पहलू भी

00 बेटियों की शिक्षा ही असली सशक्तिकरण, ‘सरपंच-पति’ वाली संस्कृति से ऊपर उठना होगा

00 अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: सांसद ने महिला पत्रकारों को किया सम्मानित, साझा किए जीवन के अनुभव

TTN डेस्क

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने प्रेस क्लब की सदस्य महिला पत्रकारों के साथ संवाद कर उनके संघर्षों और उपलब्धियों को रेखांकित किया। सांसद निवास पर आयोजित एक आत्मीय मिलन समारोह में उन्होंने शहर की महिला पत्रकारों से चर्चा की और कहा कि महिलाएँ समाज की वह प्रेरक शक्ति हैं, जो एक मकान को अपनी ममता और प्रबंधन से ‘घर’ बनाती हैं।

0 शिक्षा पर जोर: हर बेटी का शिक्षित होना अनिवार्य

सांसद महंत ने स्पष्ट रूप से कहा कि महिलाओं के वास्तविक सशक्तिकरण का रास्ता केवल और केवल शिक्षा से होकर गुजरता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “यह जरूरी नहीं कि हर लड़की नौकरी ही करे, लेकिन उसका शिक्षित होना बेहद जरूरी है। शिक्षा ही वह हथियार है जिससे महिलाएँ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकती हैं और समाज की चुनौतियों का मुकाबला कर सकती हैं।”

0 ‘सरपंच-पति’ संस्कृति पर प्रहार

नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद ने ‘सरपंच-पति’ जैसी सामाजिक प्रवृत्ति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी कई स्थानों पर वास्तविक कामकाज उनके पति ही संभालते हैं। यह प्रवृत्ति महिलाओं के वास्तविक सशक्तिकरण की राह में सबसे बड़ी बाधा है और इसे पूरी तरह समाप्त होना चाहिए। समाज को चाहिए कि वह बेटियों के निर्णयों का सम्मान करे और उनके लिए अवसरों को सरल बनाए।

0 गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से सांसद तक का सफर

अपने व्यक्तिगत जीवन का अनुभव साझा करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने बताया कि उनका जन्म एक सामान्य गैर-राजनीतिक परिवार में हुआ था। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे राजनीति की दुनिया में कदम रखेंगी। उन्होंने कहा, “भले ही राजनीति मेरी योजना में नहीं थी, लेकिन सेवा की भावना बचपन से ही मेरे मन में थी। आज एक जनप्रतिनिधि के रूप में मुझे समाज की सेवा का जो अवसर मिला है, उसे मैं पूरी निष्ठा से निभा रही हूँ।”

0 महिला पत्रकारों का सम्मान

कोरबा प्रेस क्लब के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद ने शहर की महिला पत्रकारों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का आईना है और महिला पत्रकार अपनी दोहरी जिम्मेदारियों को निभाते हुए समाज में जागरूकता लाने का साहसी कार्य कर रही हैं।

0 संवाद और विचार-विमर्श

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और सांसद के बीच सामाजिक मुद्दों, महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।