दिल दहला देने वाला हत्याकांड : सेवा के बदले दे दिया ‘ज़हर’, पत्नी ने की बीमार पति की निर्मम हत्या

TTN डेस्क

कोरबा । जिले के दर्री थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आशा नगर लाटा में एक पत्नी ने ही अपने बेबस और लाचार पति के भरोसे का कत्ल कर दिया। पिछले डेढ़ साल से लकवा और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अरुण सिंह (38) को उसकी पत्नी बंटी देवी ने कीटनाशक पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।

0 साजिश: फूलों के बहाने मंगवाया काल

घटना की पटकथा 27 जनवरी की सुबह लिखी गई। आरोपी महिला ने अपने ही बेटे से यह कहकर कीटनाशक मंगवाया कि उसे फूलों के पौधों पर छिड़काव करना है। शाम होते ही उसने बच्चों को कमरे से बाहर भेज दिया और बीमार पति को पानी में मिलाकर जहर पिला दिया।

0 मासूम चश्मदीद: खिड़की से खुली राज की परतें

इस खौफनाक मंजर की गवाह कोई और नहीं, बल्कि मृतक की मासूम बेटी बनी। जब मां अपने पिता को जहर दे रही थी, तब बेटी ने खिड़की से यह सब देख लिया। उसने तुरंत अपने 13 वर्षीय भाई को सूचना दी। बच्चों ने जब घर में रखी कीटनाशक की शीशी देखी, तो वह खाली मिली, जिससे उनका शक यकीन में बदल गया।

0 अस्पताल ले जाने में टालमटोल और मौत

ज़हर के असर से जब देर रात अरुण की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियाँ होने लगीं, तब भी आरोपी पत्नी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मामले को टालती रही। अंततः 28 जनवरी को उसे जिला मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान 30 जनवरी को उसने दम तोड़ दिया।

0 पुलिस की कार्रवाई और ‘प्रेम प्रसंग’ का अंदेशा

सिविल लाइन पुलिस ने बच्चों के बयान के आधार पर बंटी देवी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस को संदेह है कि इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग एक मुख्य कारण हो सकता है। फिलहाल आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।