
00 शिक्षण व्यवस्था को गति और युवाओं को मिलेगा रोजगार: वित्त मंत्री
TTN डेस्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में 5000 नए शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है।
0 मुख्यमंत्री का संकल्प : गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस निर्णय को प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा राज्य के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला है। हमारी सरकार का संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और हर विद्यालय में योग्य शिक्षक उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि यह भर्ती न केवल शिक्षण व्यवस्था को गति देगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
शिक्षकों के साथ-साथ राज्य में 700 प्राध्यापक और सहायक प्राध्यापकों की भर्ती भी की जाएगी।
0 वित्तीय अनुशासन के साथ संसाधन
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने इस भर्ती के लिए वित्तीय सहमति प्रदान करते हुए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से स्कूलों में शिक्षकों की कमी पूरी होगी, जिससे ग्रामीण व आदिवासी अंचलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए शिक्षा जैसे मूलभूत क्षेत्र को संसाधन उपलब्ध कराना हमारी सरकार की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता दोनों है।
यह भर्ती शिक्षा विभाग में शिक्षक-छात्र अनुपातअसंतुलन को कम करने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।


