कोरबा: सीएम साय ने किया ‘अटल स्मृति भवन’ का शिलान्यास; कहा- यह भाजपा की शक्ति और सेवा का नया केंद्र होगा

TTN डेस्क

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कर-कमलों से भाजपा के नवीन जिला कार्यालय ‘अटल स्मृति भवन’ का भूमिपूजन एवं शिलान्यास भव्य समारोह में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि यह भवन जिले में संगठन की मजबूती और अंत्योदय के संकल्प को नया विस्तार देगा।

0 कार्यकर्ताओं के अंशदान से बनेगा भव्य भवन: मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ऊर्जानगरी कोरबा में बनने जा रहा यह विशाल कार्यालय हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “संगठन की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए इस सर्वसुविधायुक्त भवन की नितांत आवश्यकता थी। यह कार्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि भाजपा की शक्ति और विस्तार का केंद्र होगा।” मुख्यमंत्री ने जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और उनकी पूरी टीम को इस भागीरथ प्रयास के लिए विशेष रूप से बधाई दी।

0 विचारधारा और जनसेवा का संगम: लखनलाल देवांगन

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि ‘अटल स्मृति भवन’ भाजपा की विचारधारा और अनुशासन का जीवंत प्रतीक बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह कार्यालय जनसेवा, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के कार्यों का सबसे मजबूत आधार बनेगा। श्री देवांगन ने कहा कि यहाँ से जिले के विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।

0 1.68 एकड़ में आधुनिक सुविधाओं का वैचारिक केंद्र: गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने गौरवपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर बनने वाला यह नवीन कार्यालय राष्ट्रनायक भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों को समर्पित होगा। उन्होंने कहा, “यह कार्यालय दूर-दराज से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण, वैचारिक विमर्श और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।” श्री मोदी ने पुराने कार्यालय के इतिहास को भी याद किया, जिसका भूमिपूजन 1991 में स्व. लखीराम अग्रवाल जी ने और लोकार्पण 1993 में कुशाभाऊ ठाकरे जी किया था। इस भवन के निर्माण के लिए तत्कालीन साडा अध्यक्ष बनवारीलाल अग्रवाल ने पहल और विशेष योगदान दिया।

0 संगठन की आत्मा होते हैं कार्यालय: किरण सिंहदेव

प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा तीन स्तंभों—कार्यालय, कार्यकर्ता और कार्यक्रम पर खड़ी है। उन्होंने कहा कि कार्यालय वह स्थान है जहाँ कार्यकर्ता गढ़े जाते हैं और जनसेवा की दिशा तय होती है। उन्होंने इसे कोरबा भाजपा के लिए एक मील का पत्थर बताया।

0 दिग्गजों की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, महामंत्री अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और संगठन के जयकारों से गुंजायमान रहा।

प्रमुख विशेषताएं: क्या होगा खास?

* कुल क्षेत्रफल: 1 एकड़ 68 डिसमिल भूमि पर भव्य निर्माण।
* नामकरण: राष्ट्रनायक अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में ‘अटल स्मृति भवन’।
* सुविधाएं: अत्याधुनिक आईटी सेल, विशाल सभागार, कार्यकर्ताओं के ठहरने की व्यवस्था और प्रशिक्षण केंद्र।