Home कोरबा कोरबा : बाबा साहब की 135वीं जयंती पर 14 अप्रैल को निकलेगी...

कोरबा : बाबा साहब की 135वीं जयंती पर 14 अप्रैल को निकलेगी भव्य रैली, शाम को मंचीय आयोजन

00 कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि, महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी कार्यक्रम की अध्यक्षता

TTN डेस्क

कोरबा। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आगामी 14 अप्रैल को ऊर्जाधानी में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त आयोजन समिति, जिला कोरबा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भव्य रैली के साथ-साथ सांस्कृतिक और सम्मान समारोह के जरिए बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

0 दोपहर 2 बजे मुड़ापार से निकलेगी रैली

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार लहरे, महासचिव आर.डी. भारद्वाज एवं कोषाध्यक्ष एस.के. मण्डल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे भव्य रैली से होगी। यह रैली तक्षशिला बौद्ध विहार मुड़ापार से प्रारंभ होकर टी.पी. नगर चौक होते हुए घंटाघर स्थित भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम पहुंचेगी। रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की भागीदारी रहेगी।

0 शाम 7 बजे से सजेगा मंच

रैली के पश्चात शाम 7 बजे से भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में मंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी और समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान किया जाएगा।

0 प्रमुख अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी।

0 संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश

आयोजकों ने बाबा साहब के प्रसिद्ध संदेश, “लड़ने के लिए पढ़ना होगा, पढ़ने के लिए लड़ना होगा, हक और अधिकार जानने के लिए संविधान पढ़ना होगा” को उद्धृत करते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता लाना है। समिति ने समस्त शहरवासियों से इस भव्य आयोजन में शामिल होने की अपील की है।