कोरबा : प्रेमी ने प्रेमिका पर चाकू से किया जानलेवा हमला, फिर खुद का गला रेतकर की खुदकुशी

TTN डेस्क

​कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। बिलासपुर से बस में सवार होकर कोरबा पहुंचे एक युवक ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका के गले पर चाकू से वार कर दिया और फिर उसी हथियार से अपनी जीवनलीला भी समाप्त कर ली। इस खूनी संघर्ष में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

0 ​शादीशुदा था युवक, मंगलवार शाम से दोनों थे लापता

​मृतक की पहचान बिलासपुर के सरकंडा निवासी शुभम नायडू (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
​शुभम पहले से शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, हालांकि उसका पत्नी से अनबन चल रहा था।
​घायल युवती का नाम निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) है, जो बिलासपुर की रहने वाली है।
​ये दोनों मंगलवार शाम से लापता थे, जिसकी रिपोर्ट परिजनों ने बिलासपुर पुलिस में दर्ज कराई थी।

0 ​संडेल नाला के पास खूनी वारदात और युवती का साहस

​रात करीब 9 बजे दोनों बस से कोरबा के सैंडल नाला के पास पहुंचे, जहाँ उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। आवेश में आकर शुभम ने निशा के गले में चाकू घोंप दिया और फिर खुद का गला काट लिया। मरणासन्न स्थिति में होने के बावजूद निशा ने हिम्मत नहीं हारी और डायल 112 को फोन करने के साथ-साथ अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी और अपनी लोकेशन साझा की।

0 ​पुलिसिया कार्रवाई और वर्तमान स्थिति

​सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
​डॉक्टरों ने शुभम नायडू को मृत घोषित कर दिया, वहीं निशा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
​एएसपी लखन पटले के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।