
00 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि को बताया प्रेरणादायक
कोरबा।छत्तीसगढ़ मार्शल आर्ट एवं किकबॉक्सिंग एकेडमी (सीएमए), कोरबा ने खेल जगत में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। एकेडमी का नाम ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज किया गया है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि एकेडमी के खिलाड़ियों द्वारा वर्ष 2018 से फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने के आधार पर मिली है।
0 2006 से जारी है सफर
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन और सीएमए एकेडमी के संस्थापक तारकेश मिश्रा ने बताया कि जिले में यह खेल 2006 से संचालित है, लेकिन बेहतर प्रशिक्षण के लिए 2018 में एकेडमी की स्थापना की गई थी। आज आधुनिक संसाधनों और कड़े अनुशासन के दम पर यहाँ के खिलाड़ी आयरलैंड, रूस, साउथ कोरिया, टर्की, इटली और नेपाल जैसे देशों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
0 राज्य स्तर पर भी मिला सम्मान
एकेडमी से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर शासन के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार जैसे शहीद कौशल यादव पुरस्कार, खेल अंकुर, खेल गौरव और खेल शिखर सम्मान प्राप्त किए हैं। खिलाड़ियों को शासन की ओर से नकद पुरस्कार भी मिल चुके हैं। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड न केवल एकेडमी के समर्पण का प्रमाण है, बल्कि कोरबा के खेल कौशल की वैश्विक पहचान भी है।
0 मुख्यमंत्री ने बढ़ाया उत्साह
इस बड़ी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, संस्थापक तारकेश मिश्रा और सचिव आकाश गुरुदिवान ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एकेडमी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। तारकेश मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को दिया है।


