00 कोरबा में ACB की बड़ी कार्रवाई; खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के बदले मांगे थे ₹80 हजार
TTN डेस्क
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर को ₹50,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी इंजीनियर ने एक किसान के खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के एवज में मोटी रकम की मांग की थी।
0 नाश्ता-पानी के नाम पर मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया निवासी किसान श्यामता टंडन ने अपने खेत में ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत विभाग में आवेदन दिया था। आवेदन के बाद असिस्टेंट इंजीनियर सत्येंद्र दिवाकर ने मौके का निरीक्षण किया और चालान शुल्क के अतिरिक्त ‘नाश्ता-पानी’ के नाम पर ₹80,000 की मांग की।
0 बिलासपुर ACB ने बिछाया जाल
किसान ने शुरू में ₹30,000 की राशि इंजीनियर को दे दी थी, लेकिन शेष ₹50,000 के लिए दबाव बनाए जाने पर उसने बिलासपुर ACB कार्यालय में शिकायत कर दी। शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार (28 जनवरी) को ट्रैप योजना बनाई गई। जैसे ही किसान ने इंजीनियर के दीपका स्थित कार्यालय में ₹50,000 की रकम दी, पहले से घेराबंदी कर खड़ी ACB टीम ने आरोपी को धर दबोचा।
0 कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज

डीएसपी एसीबी बिलासपुर, अजितेश सिंह ने बताया कि आरोपी सत्येंद्र दिवाकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।


