00 ग्राम पताड़ी में भव्य सम्मान समारोह आयोजित; 14 पंचायतों की मितानिनें और स्व-सहायता समूह की सदस्य हुईं गौरवान्वित
TTN डेस्क
कोरबा | 21 फरवरी 2026 जिले के बरपाली तहसील अंतर्गत ग्राम पताड़ी में शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अदानी फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कोरबा पॉवर लिमिटेड के समीपस्थ 14 ग्राम पंचायतों की लगभग 600 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में पताड़ी, पहन्दा, खोड्डल, सरगबूंदिया, कुदूरमल, ढ़नढ़नी, कटबितला और देवरमल सहित अन्य ग्रामों की 100 मितानिनें तथा 500 स्व-सहायता समूहों (SHG) की सदस्य शामिल रहीं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में सक्रिय महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित करना है।
0 प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत, जनपद सदस्य (सरगबूंदिया) रीना सिदार और जिला समन्वयक (मितानिन) कुमारी वंदना गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इनके साथ ही क्षेत्र की विभिन्न महिला सरपंचों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
0 संबोधन के मुख्य अंश:
* सुष्मिता अनंत (जिला पंचायत सदस्य): “आज देश की राष्ट्रपति एक महिला हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं हर क्षेत्र में उच्च पदों पर आसीन हैं। समाज के विकास में महिलाओं का योगदान अब गौरव का विषय बन चुका है।”
* रीना सिदार (जनपद सदस्य): “अदाणी समूह का यह प्रयास महिलाओं के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगा। आज की महिलाएं ट्रेन से लेकर विमान तक चला रही हैं, उनकी उपस्थिति हर क्षेत्र में प्रभावशाली है।”
* वंदना गुप्ता (जिला समन्वयक): “मितानिनों ने कोरोना जैसे संकटकाल में अपनी जान जोखिम में डालकर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को संभाला। प्रसूति सेवाओं से लेकर सामान्य स्वास्थ्य तक, उनकी भूमिका अतुलनीय है।”
0 सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता
कोरबा पॉवर से डॉ. विकास ठाकुर ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी समाज को नई दिशा देने का संकेत है। इससे न केवल क्षेत्रीय विकास होगा, बल्कि स्थानीय संयंत्र और समुदाय के बीच सहयोग भी मजबूत होगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट किए गए। आयोजन को सफल बनाने में प्रीति प्रजापति, ताजेंद्र बंजारे, पवन महतो सहित अदानी फाउंडेशन की टीम का विशेष सहयोग रहा। संस्था ने स्पष्ट किया कि ‘कम्युनिटी फर्स्ट’ की भावना के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला उन्नयन के कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।






