Home देश काल का तांडव: सीमेंट मिक्सर और ईको वैन की भीषण टक्कर में...

काल का तांडव: सीमेंट मिक्सर और ईको वैन की भीषण टक्कर में 11 की मौत

​00 रैता ब्रिज पर हुआ दर्दनाक हादसा; वैन के उड़े परखच्चे, गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

TTN डेस्क

​ठाणे/मुरबाड | 13 अप्रैल, 2026 सोमवार की सुबह ठाणे जिले के लिए एक बड़ा शोक लेकर आई। कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे (NH-61) पर स्थित मुर्बाड के गोविली गांव के पास ‘रैता ब्रिज’ पर एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 10:45 बजे उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर ट्रक और क्षमता से अधिक भरी मारुति ईको वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

​0 भीषण टक्कर से मचा हाहाकार

​मिली जानकारी के अनुसार, मारुति ईको वैन (MH-05 GA-0529) कल्याण से मुर्बाड की ओर जा रही थी। वैन में ड्राइवर समेत 13 लोग सवार थे। जैसे ही वैन रैता ब्रिज पर पहुँची, सामने से आ रहे सीमेंट मिक्सर ट्रक (MH-12 TV-3660) से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन वैन की हालत देख शवों को निकालना मुश्किल हो गया था। बाद में पुलिस और बचाव दल ने गैस कटर की मदद से गाड़ी के मलबे को काटकर शवों को बाहर निकाला।

​0 मृतकों और घायलों का विवरण

​इस दुर्घटना में अब तक 11 लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है, जिनमें 3 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। 9 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

​घायल: 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

​0 जांच में जुटी पुलिस, ट्रक चालक फरार


​प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरलोडिंग और दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। संकरे रैता ब्रिज पर ओवरटेकिंग की कोशिश भी हादसे की वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।