आस्था और कला का महाकुंभ: रविवार से सजेगा ‘पाली महोत्सव-2026’ का मंच,उपमुख्यमंत्री साव करेंगे उद्घाटन

00 बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर, मीत ब्रदर्स और सलमान अली बिखेरेंगे सुरों का जादू; शिव मंदिर घाट पर होगी भव्य महाआरती

TTN डेस्क


पाली/कोरबा। आस्था, कला एवं समृद्धि के महापर्व ‘पाली महोत्सव-2026’ का भव्य आगाज रविवार, 15 फरवरी से होने जा रहा है. ऐतिहासिक शिव मंदिर की नगरी पाली में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर प्रशासन और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है. इस महोत्सव में जहां एक ओर छत्तीसगढ़ी लोक कला की खुशबू बिखरेगी, वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे.

0 उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ

महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ समारोह 15 फरवरी को सायं 07:00 बजे आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे. इस अवसर पर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी. इनके साथ ही क्षेत्र के विधायक, महापौर और जिला प्रशासन के वरिष्ठ प्रतिनिधि गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.

0 सुरों की सजेगी महफिल: बॉलीवुड और छालीवुड का संगम

दो दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक महाकुंभ में मनोरंजन का तगड़ा तड़का लगने वाला है:

* 15 फरवरी: पहले दिन बॉलीवुड के मशहूर मीत ब्रदर्स, सलमान अली और खुशबू ग्रेवाल अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को झुमाएंगे. साथ ही छत्तीसगढ़ी कलाकार दीपक साहू और ऋषिराज पांडेय की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी.

* 16 फरवरी: दूसरे दिन ‘बेबी डॉल’ फेम कनिका कपूर और छत्तीसगढ़ी गायक अनुज शर्मा मंच संभालेंगे. लवली शर्मा द्वारा सितार वादन और कठपुतली डांस का भी आनंद दर्शक ले सकेंगे.

0 विशेष आकर्षण: महाआरती और दीपोत्सव

महोत्सव के पहले दिन 15 फरवरी को सायं 07:00 बजे ऐतिहासिक शिव मंदिर घाट पर भव्य शिव आरती एवं दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा. हजारों दीपों की रोशनी से नहाया मंदिर परिसर और मंत्रोच्चार के बीच होती आरती दर्शकों के लिए एक आध्यात्मिक अनुभव होगा.

0 खेल और स्थानीय प्रतिभा को मंच

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए साईकिल रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है. इसके अलावा, दोनों दिन स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे क्षेत्र की पारंपरिक कला को वैश्विक पहचान मिलेगी.