इटली में हादसा : नागपुर के प्रसिद्ध होटल व्यवसायी दंपति की सड़क हादसे में मौत,तीनों बच्चे भी घायल

TTN Desk

नागपुर के जाने-माने होटल व्यवसायी जावेद अख्तर (57) और उनकी पत्नी नादिरा गुलशन की इटली में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई है। यह दुर्घटना इटली के ग्रोसेटो के पास हुई, जब यह दंपति अपने तीन बच्चों के साथ छुट्टियों पर थे। हादसे में उनके बच्चे आरजू, जाज़ेल और शिफा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

0 कैसे हुआ हादसा?

जावेद अख्तर नागपुर में सीताबर्डी स्थित गुलशन प्लाज़ा होटल के मालिक थे। उनका परिवार 22 सितंबर को फ्रांस और इटली की 10 दिवसीय यात्रा पर यूरोप गया था। यह दुर्घटना गुरुवार की सुबह ऑरेलिया नेशनल हाईवे पर हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक ट्रक ने सड़क किनारे खराब खड़ी एक वैन को टक्कर मार दी, जिसके बाद पर्यटकों को ले जा रही नौ सीटों वाली मिनीबस भी इस की चपेट में आ गई।

0 मौके पर हुई मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि जावेद अख्तर, नादिरा गुलशन और मिनीबस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में जावेद अख्तर के तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

* आरजू अख्तर (25): सबसे बड़ी बेटी आरजू के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज सिएना के अस्पताल में चल रहा है।
* जाज़ेल (15) और शिफा (21): दोनों को भी चोटें आई हैं और उन्हें ग्रोसेटो और फ्लोरेंस के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद होश में आने पर जाज़ेल ने ही स्थानीय हेल्पलाइन पर मदद के लिए कॉल किया था।

0 सरकार मदद के लिए हुई सक्रिय

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुखद घटना पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने शवों को स्वदेश वापस लाने और घायलों की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए रोम स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय स्थापित किया है।
भारतीय दूतावास ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि वे परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं, तथा हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
इस हृदय विदारक घटना ने नागपुर के सिविल लाइंस इलाके और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।