





TTN डेस्क
अंबिकापुर/सूरजपुर: छत्तीसगढ़ का शांत कहा जाने वाला सरगुजा संभाग बीते 48 घंटों में दो रूह कंपा देने वाली घटनाओं से थर्रा उठा है। पड़ोसी जिलों अंबिकापुर और सूरजपुर में प्रेम संबंधों के विवाद ने ऐसी हिंसक करवट ली कि कहीं ‘निर्भया’ जैसी दरिंदगी दोहराई गई, तो कहीं एक नाबालिग छात्रा आग की लपटों की भेंट चढ़ गई। इन घटनाओं ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सामाजिक परिवेश में बढ़ती क्रूरता को भी उजागर किया है।
0 अंबिकापुर: ‘निर्भया’ जैसी दरिंदगी, रेप के बाद पसलियां तोड़ीं, निजी अंग में डाली बोतल
शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड पर महामाया प्रवेश द्वार के पास शुक्रवार को हुई घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहाँ एक 45 वर्षीय विधवा महिला की लाश लहूलुहान हालत में मिली थी।
0 पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे:
डॉक्टरों के मुताबिक, महिला के साथ मौत से पहले और बाद में जो हुआ वह किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है:
* हड्डियों का चूरा: वार इतना घातक था कि महिला के सीने की 12 पसलियां टूट गईं, जिन्होंने अंदरूनी अंगों (फेफड़े और दिल) को छलनी कर दिया।
* सिर पर हमला: सिर की तीन हड्डियां टूटी पाई गईं और चेहरे को कुचलकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया।
* अमानवीय क्रूरता: दुष्कर्म के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक की बोतल डाल दी गई।
0 आरोपी की तलाश,सीसीटीवी से हुई पहचान
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें आरोपी पांडा उर्फ मिथुन (जो खुद को पुष्पा भी कहता था) रात 1 बजे महिला के साथ जाता दिख रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस घटना की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से करते हुए आरोपी को फांसी देने की मांग की है।
0 सूरजपुर: मोबाइल के विवाद ने ली नाबालिग की जान, 95% झुलसी छात्रा ने तोड़ा दम
सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 11वीं की छात्रा मोनिका सिंह (17 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में आग की लपटों से घिरी मिली। 95% जल चुकी मोनिका ने रविवार सुबह रायपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
0 मोबाइल की ‘किश्त’ बनी मौत का कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोनिका का पिछले दो साल से रामनगर निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ प्रेम संबंध था।
* विवाद की जड़: दोनों ने मिलकर किश्त पर एक मोबाइल खरीदा था। किश्त न भर पाने के कारण भूपेंद्र ने मोनिका से मोबाइल छीन लिया था।
* घटनाक्रम: शनिवार सुबह इसी बात पर विवाद हुआ। मोनिका ने सुसाइड की धमकी दी और पेट्रोल खरीदा। आरोपी भूपेंद्र का दावा है कि उसने पेट्रोल छीनकर बाइक में डाल लिया था, लेकिन उसके छोड़ने के आधे घंटे बाद ही मोनिका गंभीर रूप से जली हुई हालत में मिली।
पुलिस कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी प्रेमी भूपेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया है। मामला सुसाइड का है या हत्या का, पुलिस इसकी सूक्ष्मता से जांच कर रही है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
0 जन-आक्रोश: कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
इन दोनों घटनाओं के बाद पूरे सरगुजा संभाग में भारी रोष व्याप्त है। अंबिकापुर में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर शांत रहने वाले इस अंचल में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए?


