रायपुर: तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने छात्र को कुचला, मौके पर मौत; बहन गंभीर रूप से घायल

TTN डेस्क

रायपुर। राजधानी के वीआईपी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुख्यमंत्री निवास के पास एक तेज रफ्तार सरकारी वाहन (लोडर) ने स्कूल जा रहे भाई-बहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल है।

0 स्कूल जाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:50 बजे अंश आठवानी (14) पिता सुमित अठवानी अपनी बहन नमिसा के साथ ईवी (EV) स्कूटर से स्कूल जा रहा था। छत्तीसगढ़ क्लब के सामने स्थित सड़क पर पीछे से आ रहे एक सरकारी लोडर वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंश की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।

0 ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार

हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल नमिसा को तत्काल अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि दुर्घटना कारित करने वाला वाहन काफी तेज रफ्तार में था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।