राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी : “इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे”

TTN डेस्क

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत और पाकिस्तान के बीच सर क्रीक सीमा विवाद को लेकर पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने पाकिस्तान की नीयत पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर इस क्षेत्र में कोई भी हिमाकत हुई तो “उसे ऐसा क़रारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।”
पाकिस्तान की नीयत में खोट का आरोप
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज़ादी के 78 साल बीत जाने के बावजूद पाकिस्तान जानबूझकर सर क्रीक इलाके में सीमा विवाद खड़ा कर रहा है।
राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया, “भारत ने कई बार बातचीत के रास्ते इसका समाधान करने का प्रयास किया है, मगर पाकिस्तान की नियत में खोट है। उसकी नियत साफ़ नहीं है।”
उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान की फ़ौज द्वारा सर क्रीक से सटे इलाकों में मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया, जिसे उन्होंने पाकिस्तान की गलत मंशा का प्रमाण बताया।

0 क्या है सर क्रीक विवाद?

सर क्रीक विवाद भारत के गुजरात और पाकिस्तान के सिंध राज्य के बीच स्थित लगभग 60 किलोमीटर लंबी दलदली ज़मीन का विवाद है।

* अस्थिर सीमा: यह क्षेत्र पानी के कटाव और ज्वार-भाटे के कारण हमेशा बदलता रहता है, जिससे दोनों देशों के बीच की सीमा रेखा अस्थिर बनी रहती है।
* मछुआरों की समस्या: इस अस्थिर सीमा के कारण दोनों देशों के मछुआरे अक्सर अनजाने में सीमा पार कर लेते हैं, जिससे उन्हें कई बार हिरासत में ले लिया जाता है।
* विवाद की जड़: इस क्षेत्र पर विवाद 1960 के दशक में शुरू हुआ था, और यह दोनों देशों के बीच एक बड़ा अनसुलझा मुद्दा बना हुआ है।
रक्षा मंत्री की यह कड़ी चेतावनी ऐसे समय में आई है जब सीमावर्ती क्षेत्रों पर तनाव लगातार बना हुआ है।