Home कोरबा भक्ति के रंगों में सराबोर हुआ आशीर्वाद पॉइंट: होली मिलन के साथ...

भक्ति के रंगों में सराबोर हुआ आशीर्वाद पॉइंट: होली मिलन के साथ ‘दिव्य श्री हनुमंत कथा’ का शंखनाद

00 28 मार्च से शुरू होगी भव्य कथा, कलश यात्रा और आयोजन समिति की जिम्मेदारियां घोषित

TTN डेस्क

कोरबा। शहर के आशीर्वाद पॉइंट में ‘अपना घर सेवा आश्रम परिवार’ द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह ने न केवल आपसी भाईचारे का संदेश दिया, बल्कि आगामी 28 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित होने वाली “दिव्य श्री हनुमंत कथा” की तैयारियों को भी नई गति प्रदान की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध जन, समाजसेवी और मातृशक्ति की उपस्थिति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

0 अबीर-गुलाल के साथ सेवा का संकल्प

समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर होली की बधाई दी। मंच पर सत्येंद्र दुबे, सुबोध सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और नरेंद्र देवांगन सहित कई वरिष्ठ जन मौजूद रहे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश सह-संयोजक सौरभ दुबे ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने कहा कि होली का यह पर्व सामाजिक समरसता का प्रतीक है और आगामी हनुमंत कथा जिले में आध्यात्मिक ऊर्जा का नया संचार करेगी।

0 मातृशक्ति को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति की महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई। आयोजन की कमान महिलाओं के हाथों में सौंपते हुए वैशाली रत्नपारखी को कलश यात्रा संयोजिका नियुक्त किया गया। वहीं शीला सिंह, कविता सोनी और मोनिका अग्रवाल को सह-संयोजिका का दायित्व दिया गया है। मातृ शक्ति प्रमुख के रूप में ऋतु चौरसिया व्यवस्थाएं संभालेंगी।

0 हनुमान जी होंगे आयोजन के ‘अध्यक्ष’

श्रद्धा की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए समिति ने घोषित किया कि इस पूरी कथा के अध्यक्ष स्वयं पवनपुत्र हनुमान जी होंगे। उन्हीं के मार्गदर्शन में यह आध्यात्मिक अनुष्ठान पूर्ण होगा। व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए अमरजीत सिंह को कार्यक्रम संयोजक, डॉ. पवन सिंह को सचिव, जुड़ावन सिंह को मुख्य संरक्षक और सुबोध सिंह को संरक्षक मंडल प्रमुख बनाया गया है।

0 प्रभावी संचालन और भव्य तैयारियां

अपना घर सेवा आश्रम के संस्थापक राणा मुखर्जी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मंच संचालन कर पूरे कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा। आयोजकों ने बताया कि कथा के माध्यम से समाज में मानवीय मूल्यों और सेवा भावना का संदेश प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कोरबा के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।