

बालकोनगर, 8 सितंबर 2025। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में ओणम का त्योहार बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। बालको स्थित अयप्पा मंदिर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने बालको की निरंतर प्रगति और कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
पूरे परिसर को भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल में सजाया गया था। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाने के साथ-साथ, पारंपरिक फूलों की रंगोली (पुक्कलम) ने ओणम की शोभा को और बढ़ा दिया। पूजा के बाद हुए भक्ति संगीत और स्तुति ने वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर बालको के कर्मचारी और टाउनशिप के सभी श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह के साथ इस पर्व का आनंद लिया। कई परिवारों ने पारंपरिक वेशभूषा पहनकर इस सांस्कृतिक उत्सव की गरिमा को बढ़ाया। ओणम साद्या (पारंपरिक भोज) की सुगंध और सामूहिक भोजन ने इस आयोजन को एक सफल आध्यात्मिक अनुभव बना दिया।
बालको समुदाय के लिए यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक भी है। कंपनी के जीईटी हॉस्टल में भी ओणम के अवसर पर रविवार को विशेष भोजन का आयोजन किया गया। 1989 से लगातार हर साल बालको के अयप्पा मंदिर में ओणम का त्योहार मनाया जाता रहा है, जो यह दर्शाता है कि कंपनी न केवल औद्योगिक प्रगति बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक सद्भाव को भी महत्व देती है।


