बस्तर का अलग होना छत्तीसगढ़ के हित में नहीं, हर जगह बांट कर नियंत्रण चाहती है भाजपा : डॉ चरणदास महंत

00 कांग्रेस नेता एकजुट रहेंगे तभी प्रदेश में फिर लौटेगी कांग्रेस, भाजपा सरकार में हर मोर्चे पर जनता त्रस्त

TTN डेस्क

कोरबा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की नीति ‘बांटो और राज करो’ की रही है। तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. महंत ने संगठन की मजबूती और राज्य की स्थिति पर बेबाकी से अपनी राय रखी।

0 एकता ही जीत का मंत्र

कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर डॉ. महंत ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैंने सभी नेताओं से कह दिया है कि अगर हम एक रहेंगे, तभी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार फिर से बनेगी, वरना नहीं।” उन्होंने बताया कि प्रदेश के 4-5 प्रमुख नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है और सभी पूरी ईमानदारी से अपना काम कर रहे हैं। वर्तमान में विपक्ष पूरी तरह संगठित होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध कर रहा है।

0 बस्तर का विभाजन साजिश, अडानी के लिए बनाया जा रहा स्थान

बस्तर को अलग राज्य बनाने की उठ रही मांग पर डॉ. महंत ने कहा कि यह भाजपा की सोची-समझी रणनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि:

* बस्तर का दोहन: बस्तर को इसलिए अलग करने की कोशिश हो रही है ताकि वहां प्राकृतिक संपदा का मनमर्जी से दोहन किया जा सके।

* निजी हित: प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ में अडानी के लिए स्थान बनाने का काम कर रही है। हीरा और सोना जैसी खनिज संपदा को निकालने की वर्षों तक कोशिश न होना संदेहास्पद है।

* नुकसान: बस्तर का अलग होना न तो वहां के लोगों के हित में है और न ही छत्तीसगढ़ के।

0 दो साल में बेहाल हुआ प्रदेश: धान खरीदी में भ्रष्टाचार का आरोप

भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल को विफल बताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धान खरीदी से लेकर कानून व्यवस्था तक सब चौपट है।
> “किसान आज दाने-दाने के लिए त्रस्त हैं। रकबा सत्यापन और टोकन के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। हद तो यह है कि बैंक से अपना ही पैसा निकालने के लिए किसानों को 100 रुपये प्रति हजार की कमीशनखोरी का सामना करना पड़ रहा है।”
>

उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में भी धान खरीदी में गड़बड़ियों का दावा किया और कहा कि सैकड़ों किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं।इस चर्चा के दौरान विधायक फूलसिंह राठिया, सांसद प्रतिनिधि हरीश परसाई,जिला कांग्रेस शहर के अध्यक्ष मुकेश राठौर ,ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज चौहान भी उपस्थित थे।

0 आरक्षण और नियुक्तियों में गड़बड़ी का आरोप

डॉ. महंत ने सरकारी विभागों में हो रही नियुक्तियों और मतदाता सूची (SIR कार्यक्रम) में धांधली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बूथ से विशेष धर्म, जाति के लगभग 200 नाम काटने के निर्देश ऊपर से दिए गए हैं, जिसे भाजपा कार्यकर्ता अंजाम दे रहे हैं।

0 भू-विस्थापितों के लिए सभी 35 विधायक करेंगे कोरबा में संघर्ष

हरदीबाजार कोयला खदान विस्थापितों के मुद्दे पर डॉ. महंत ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब भी कोरबा में कोई संकट आएगा, कांग्रेस के सभी 35 विधायक यहां आकर संघर्ष करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कोल बियरिंग एक्ट में बदलाव की जरूरत है ताकि विस्थापितों को आज की दर पर उचित मुआवजा मिल सके।

0 बृजमोहन सौम्य नेता पर कभी नहीं छोड़ेंगे बीजेपी

संसद परिसर में भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल और राहुल गांधी की मुलाकात पर महंत ने कहा कि यह एक ‘सौजन्य मुलाकात’ थी। उन्होंने बृजमोहन अग्रवाल को एक सौम्य और जनहित के मुद्दे उठाने वाला नेता बताया, लेकिन उनके कांग्रेस में आने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया।