TTN Desk
झालावाड़, राजस्थान: शुक्रवार को झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में एक सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुखद घटना में 10 बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मलबे में और बच्चों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक छत भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद NDRF और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
0 पीएम मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा, “राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल हादसा हृदयविदारक है। मैं मासूम बच्चों की मृत्यु पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन को हर संभव सहायता के निर्देश दिए गए हैं।”
0 सीएम ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी शोक व्यक्त करते हुए घायलों के इलाज के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
0 स्कूल भवन जर्जर था पहले भी प्रशासन को बताया
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल भवन की जर्जर हालत के बारे में प्रशासन को पहले से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह हादसा स्कूलों में बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बचाव कार्य अभी भी जारी है, और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।