बड़ा हादसा टला : टेकऑफ के बाद रनवे पर मिला प्लेन का पहिया, मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

TTN डेस्क

मुंबई एयरपोर्ट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 12 सितंबर को एक बड़ा हादसा होते-होते रह रहा। दरअसल, शुक्रवार को कांडला से मुंबई के लिए एक विमान ने उड़ान भरी। स्पाइसजेट के Q400 विमान ने सफलतापूर्वक उड़ान भर ली, जिसके बाद देखा गया कि विमान का एक बाहरी पहिया रनवे पर ही गिरा पड़ा है। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि विमान ने अपनी मुंबई की यात्रा जारी रखी। मुंबई एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां विमान ने सुरक्षित रूप से लैंडिंग कर ली। फिलहाल विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।इस विमान से जुड़ा अलर्ट मिलते ही मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

0 यह दुर्लभ तकनीकी समस्या

स्पाइसजेट ने बयान जारी कर कहा कि यह एक दुर्लभ तकनीकी समस्या थी, और प्रभावित विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
हाल के महीनों में स्पाइसजेट की कई उड़ानों में तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं, जिसके चलते एयरलाइन की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पुराने फ्लीट और रखरखाव की चुनौतियां इस तरह की घटनाओं का कारण हो सकती हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन सामान्य रूप से बहाल हो चुका है। इस घटना की विस्तृत जांच के नतीजे जल्द सामने आने की उम्मीद है।