पूर्व CJI पर जूता फेंकने वाले निलंबित वकील पर हुआ चप्पलों से हमला, ‘सनातन धर्म की जय’ के लगाए नारे


00 कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में वकील राकेश किशोर की पिटाई

TTN डेस्क

नई दिल्ली: पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की कोशिश कर चुके वकील राकेश किशोर को मंगलवार को कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में कुछ वकीलों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। परिसर में ही उन पर चप्पलों से हमला किया गया और उनकी पिटाई की गई।

0 क्या है घटना?

वकील राकेश किशोर ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट परिसर में पूर्व CJI बी.आर. गवई पर जूता फेंक कर हंगामा किया था। इस घटना के बाद बार काउंसिल ने उन्हें निलंबित कर दिया था, लेकिन किशोर ने अपने किए पर कोई अफसोस नहीं जताया था। हालांकि, पूर्व CJI गवई ने उन्हें माफ कर दिया था।
मंगलवार को कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में कुछ वकीलों ने राकेश किशोर को पकड़ लिया और चप्पलों से उनकी पिटाई कर दी।

0 वायरल वीडियो और नारे

पिटाई का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राकेश किशोर हमलावरों से अपनी पिटाई का कारण पूछते हुए दिखाई देते हैं और कुछ अपशब्द भी कहते हैं। बाद में वह अचानक ‘सनातन धर्म की जय हो’ के नारे लगाने लगते हैं। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव किया और राकेश किशोर को हमलावरों से बचाकर परिसर से बाहर निकाला।
शाहदरा बार एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास ने इस मामले में कोई भी लिखित शिकायत प्राप्त न होने की बात कही है।