पूजा मर्डर केस: पूर्व विधायक ने की न्याय की मांग, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

00 जघन्य हत्याकांड से दहला जांजगीर-चांपा

TTN डेस्क

छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय पूजा महंत की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवती का शव पीपरा और बरगांव के बीच एक खेत में कीचड़ से सनी हालत में मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग और शक के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

0 सीसीटीवी से खुला राज, पटना से पकड़ा गया कातिल

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी प्रवीण प्रकाश चंद्रा की पहचान की। हत्या के बाद वह फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मृतिका का मोबाइल और कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

0 सहयोगियों पर भी गिरी गाज

इस मामले में पुलिस ने केवल मुख्य आरोपी ही नहीं, बल्कि उसे फरार होने में मदद करने वाले उसके भाई लव प्रकाश चंद्रा और दोस्त केशव चंद्रा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

0 पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन ने की कड़े दंड की मांग

पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखकर मांग की है कि:

* दोषियों के खिलाफ ऐतिहासिक और कठोर कार्रवाई की जाए।
* मामले की त्वरित सुनवाई कर समाज में एक नजीर पेश की जाए।
* राज्य में कानून का भय स्थापित हो ताकि बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।